जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में बस स्टैंड के पास आतंकियों ने सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला किया जिसमें 5 जवान शहीद हो गए हैं और 4 जवान घायल हैं। घायलों को सेना के 92 बेस हॉस्पिटल में इलाज के लिये शिफ्ट कर दिया गया है। इस हमले में अनंतनाग थाने के एसएचओ अरशद अहमद गम्भीर रूप से घायल हैं जिन्हें श्रीनगर इलाज के लिए शिफ्ट कर दिया गया है। सुरक्षबलों की जवाबी कारवाई में 2 आतंकवादी ढ़ेर कर दिए गए हैं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गयी है और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह आतंकी हमला केपी रोड पर हुआ, इसी रास्ते का इस्तेमाल अमरनाथ यात्रा के दौरान किया जाता है। सीआरपीएफ की 116वीं बटालियन की ब्रावो कम्पनी और राज्य पुलिस की तैनाती लॉ एंड आर्डर सम्भालने के लिए की गई थी। इस हमले में एक सिविलियन भी गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह आत्मघाती हमला है। आतंकवादी मोटरसाइकिल पर आए थे और उन्होंने ग्रेनेड भी सुरक्षाबलों पर फेंकें। हमले की ज़िम्मेदारी पाकिस्तानी आतंकी संगठन अल उमर मुजाहिद्दीन ने ली है जिसका सरगना मुश्ताक अहमद जरगर है जिसे 1999 के आईसी 814 के हाईजैक के समय सरकार द्वारा रिहा किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ अभी भी जारी है और मौके पर अधिक सुरक्षाबलों को बुलाया गया है।

No comments:
Post a Comment